सेनानी परिवारों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, 8 सूत्रीय मांगें रखीं
प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता डीएन मिश्रा ने की
प्रयागराज। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के करीब 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को महापौर गणेश केसरवानी से मुलाकात कर 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता डीएन मिश्रा ने की। प्रतिनिधिमंडल की ओर से आशुतोष तिवारी ने सेनानी परिवारों की मांगों को महापौर के सामने रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने सेनानी परिवारों को गृहकर, जलकर और नगर निगम से संबंधित अन्य करों से छूट देने की मांग की। इसके अलावा परिवारों को वंश प्रमाणपत्र और सम्मान पत्र देने, सेनानी परिवारों के वंशजों को रोजगार और स्वरोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़क और चौराहों का नामकरण करने की मांग भी रखी। गरीब सेनानी परिवारों को निःशुल्क आवासीय भूमि उपलब्ध कराने तथा ‘स्वतंत्रता संग्राम महोत्सव’ आयोजित करने और संग्रहालय के लिए स्थान आवंटित करने की मांग की गई।
इसके साथ ही नगर निगम सदन में मनोनयन के दौरान सेनानी परिवारों को प्राथमिकता देने और कम से कम पांच सभासद मनोनीत करने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने अन्य सरकारी योजनाओं में भी सेनानी परिवारों के सदस्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।
वार्ता के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सेनानी परिवारों की मांगों को नगर निगम सदन में उठाया जाएगा। उन्होंने अन्य राज्यों और शहरों में सेनानी परिवारों के सम्मान के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. दीपेंद्र मिश्रा, वन मिश्रा, वेद प्रकाश, अनुराग, अनुज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल की ओर से आशुतोष तिवारी ने जानकारी दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
