एक लाख के इनामी को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
-फाफामऊ में हत्या समेत कई मामलों में था वांछित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने रविवार को एक लाख रुपये के इनामी आरोपित को फाफामऊ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बैहराना गांव निवासी सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे पुत्र श्यामलाल भारतीया वर्तमान में फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपूरा गांव में रहता है। इसके खिलाफ फाफामऊ थाना एवं जीआरपी प्रयागराज थाने में लूट, छिनैती, चोरी,हत्या जैसे कुल दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर का भी मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
ये खबर भी पढ़े : मुख्यमंत्री आगमन के दृष्टिगत डीएम एसपी द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर लिया गया जायजापुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि टीम को पिछले कई दिनों से वांछित और इनामी अपराधियों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार को फाफामऊ थाना क्षेत्र में जय गुरुदेव आश्रम से करीब 50 मीटर आगे कछार की ओर से सुनील कुमार भारतीय उर्फ गुंगे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2019 से वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में फाफामऊ क्षेत्र में उसके और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को फाफामऊ थाने में दाखिल कर दिया गया है। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
