प्रयागराज में 31 अगस्त को रोजगार मेला, 750 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा, चयनित युवाओं को मिलेगा 12 से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन
प्रयागराज। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत प्रयागराज जनपद के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, सिविल लाइंस में 31 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी गुरुवार को सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने दी। उन्होंने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां 750 से अधिक पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 12 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक और बीटेक आदि योग्यता रखने वाले 18 से 35 वर्ष की आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
सहायक निदेशक सेवायोजन ने बताया कि अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने से पहले रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीयन कराना होगा। उन्हें अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, अंकपत्र और जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों और उनके लिए निर्धारित योग्यता की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है।
उन्हाेंने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक योग्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अपनी योग्यता के अनुरूप रिक्तियों की जानकारी लेकर समय से रोजगार मेले में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
