एकल अभियान के सत्संग में संस्कारयुक्त समाज निर्माण पर जोर
शहनूर अली
निघासन-खीरी। 19 सितम्बर तरुणमित्र एकल अभियान की ओर से गुरुवार को अंचल लखीमपुर, तहसील निघासन के संच झंडी स्थित प्राचीन मां भगवती देवी मंदिर परिसर में सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सहभागिता की। सत्संग के दौरान बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने और समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि आधुनिक दौर में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक मूल्यों की जानकारी देना भी आवश्यक है। एकल अभियान द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान बच्चे ही आगे चलकर अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि जनपद में एकल अभियान के माध्यम से करीब 480 गांवों में निशुल्क शिक्षा सहित विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करना है। सत्संग एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भी ग्रामीणों को आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अंचल अभियान प्रमुख रामसागर, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख मोहिनी सिंह, अंचल व्यास रामाशरे, संच प्रमुख राम नारायण, संच व्यास सहदेव, विनय कश्यप, गुरुप्रसाद कश्यप, अमर मिश्रा सहित शिवानी, दीपा पाल, दीपा देवी, रोहिनी और आलन्दी समेत विभिन्न गांवों से आए भाई-बहन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती देवी के दर्शन कर क्षेत्र और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
