बारिश में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 25 गांवों में आठ घंटे अंधेरा
18 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं, बढ़ी लोगों की परेशानी
लखनऊ। रविवार को बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई। कहीं ट्रांसफार्मर खराब होने तो कहीं फीडर में ब्रेकडाउन के कारण घंटों बिजली गुल रही। लौलाई गांव के आसपास की सोसाइटियों में करीब 250 घरों की बिजली शनिवार रात 10 बजे से बंद रही। करीब 18 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों को बिजली के साथ पानी के संकट का भी सामना करना पड़ा।
सरोजनीनगर क्षेत्र में बंथरा फीडर की बिजली आपूर्ति रविवार सुबह करीब 8 बजे ठप हो गई। लगभग 5 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। आपूर्ति बाधित होने से उमेद खेड़ा, लाला खेड़ा ,बंथरा कस्बा, हमीरपुर, अंबरपुर समेत 25 गांवों के हजारों उपभोक्ता प्रभावित हुए। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों को परेशान के दिया।
दुबग्गा क्षेत्र में बारिश के बाद दुबग्गा ओल्ड, सरोसा भरोसा , काकोरी, शकुंतला, एफसीआई, बसंत कुंज,और कबीरनगर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई इलाकों में 8 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं आई। लगातार बिजली कटौती से घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए और घरेलू कामकाज प्रभावित रहे।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने पर लोगों ने हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई। समाधान नहीं होने पर उपभोक्ता लौलाई उपकेंद्र पहुंच गए। रात करीब 11 बजे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दी। लेकिन लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। स्थानीय राहुल और समीर ने बताया कि बिजली नहीं आने से सबसे ज्यादा परेशानी पानी की हुई।
सबमर्सिबल पंप नहीं चल सके और दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। गुडंबा क्षेत्र में तेज बारिश के कारण कई फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।आरसीएम उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी बालाजी फीडर पर सुबह 8:00 बजे आपूर्ति बाधित हुई, जिससे करीब 1 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
