उतरौला में समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं
डीएम ने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
मोहम्मद अय्यूब, उतरौला संवाददाता
उतरौला (बलरामपुर)। तहसील सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना रहा। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की एक महत्वपूर्ण जनसुनवाई प्रणाली है। इसका उद्देश्य आम जन की समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और तथ्यपरक आख्या प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, पेयजल, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर बल दिया।
समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने किसानों से शासन की कृषि एवं कृषक कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की सतत निगरानी की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी उतरौला, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
