सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केन्द्र सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 07 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
बुधवार को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में ऐसे कैंप लगाए जाएं, जहां अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन निर्धारित कर संबंधित अधिकारी अथवा उनके प्रतिनिधि एक ही ग्राम पंचायत में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं और योजनाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण करें। कैंप की तिथि और उपस्थित अधिकारियों की जानकारी पंचायत भवन की दीवार पर चस्पा कराई जाए। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को योजनाओं के आवेदन में परेशानी न हो और मौके पर ही आवश्यक आवेदन कराए जाएं। कैंप के बाद यह भी समीक्षा की जाए कि कितने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला और कितने प्रकरणों का निस्तारण हुआ। उन्होंने अभियान की लगातार मॉनीटरिंग कर पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित लोगों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
