18 शिक्षकों के ग्रेड पे विसंगति मामले में कनिष्ठ सहायक शकील पर कार्रवाई की मांग तेज
बदायूं। विकास क्षेत्र आसफपुर में 18 शिक्षकों के ग्रेड वेतन में विसंगति के मामले में संबंधित कनिष्ठ सहायक पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। 18 सितंबर तक कार्रवाई न होने पर 19 सितंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना देने के अल्टीमेटम के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में हलचल बढ़ गई। मामले को लेकर वित्त एवं लेखाधिकारी ने शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल लेखाधिकारी कार्यालय पहुंचा। वार्ता के दौरान संजीव शर्मा ने कहा कि 18 शिक्षकों के ग्रेड वेतन में हुई गंभीर विसंगति के मामले में अब तक संबंधित कनिष्ठ सहायक के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो 19 सितंबर को जिलेभर के शिक्षक एवं शिक्षक प्रतिनिधि बीएसए कार्यालय पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। वार्ता में मौजूद प्रभारी लेखाधिकारी दिनेश शर्मा ने शिक्षक संगठन से प्रस्तावित धरना स्थगित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि संगठन की मांग को देखते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए जांच कमेटी गठित की जा रही है।
इस पर जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने मांग रखी कि जांच कमेटी का गठन तत्काल किया जाए और एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कनिष्ठ सहायक के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर संगठन बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। इसकी जिम्मेदारी वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग की होगी। इस दौरान जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, हरीश यादव, उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित, समरेर ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव, जगत ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. पंकज पाठक, मंत्री अमित यादव, वजीरगंज मंत्री सलमान खान, उसावा कोषाध्यक्ष योगेश शाक्य, मोहम्मद रानू खान, मोहम्मद अराफात खान, वैभव श्रोत्रिय, आयुष भारद्वाज समेत तमाम शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
