अर्धनग्न अवस्था में मिला युवक का शव,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बहराइच। बौंडी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक गुरुवार की शाम से ही गायब बताया जा रहा था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं,जिसके बाद परिजनों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
शुक्रवार सुबह ग्राम पंचायत राज रेहुआ के झुड़िया में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि नन्द कुमार गुरूवार की शाम को किसी का फोन आने के बाद घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि उसके शरीर पर कई जगह पर चोट के निशान हैं।
घटना की सूचना पर बौंडी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने प्रारम्भिक जांच के उपरांत शव को अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। बौंडी थानाध्यक्ष टी एन मौर्य ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
