डीसीपी ने मोहनलालगंज कोतवाली का किया औचक निरीक्षण, परखी पुलिसिंग व्यवस्था
डीसीपी ने महिला हेल्प डेस्क पर दर्ज शिकायतों की प्रगति की ली जानकारी
मोहनलालगंज, लखनऊ। दक्षिणी जोन के डीसीपी मो. मुश्ताक ने सोमवार देर शाम मोहनलालगंज कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, कार्यालय, मालखाना तथा विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीसीपी ने महिला हेल्प डेस्क पर दर्ज शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता से शिकायत के निस्तारण के बाद अधिकतम 15 दिन के भीतर फीडबैक अवश्य लिया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने अपराध रजिस्टर, लंबित विवेचनाओं और निरोधात्मक कार्रवाई की भी समीक्षा की।

उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने और अभिलेखों को अद्यतन रखने पर भी विशेष जोर दिया।उन्होंने कोतवाली परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यालयी कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को अनुशासन एवं जनसुनवाई के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी।
डीसीपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उसका पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीसीपी मो. मुश्ताक ने कहा कि "जनता की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महिला हेल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। नियमित निरीक्षण और फीडबैक व्यवस्था के माध्यम से पुलिसिंग को मजबूत किया जा रहा है, ताकि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे।निरीक्षण के दौरान एसीपी आर.के.सिंह , प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
