पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी सम्पन्न
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, अपराध नियंत्रण एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर विशेष जोर
प्रतापगढ़। रविवार को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, जीआरपी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, एनडीपीएस, गैंगस्टर एक्ट, गोवध, अवैध शराब, भूमि विवाद एवं अन्य संगीन अपराधों में की गई कार्रवाई का गहन परीक्षण करते हुए प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही अभियोगों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना निस्तारण, वांछित/इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, कुर्की, वारंट एवं नोटिसों की तामील तथा न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा डायल-112 की रिस्पांस टाइम, आईजीआरएस प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सीसीटीएनएस एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर समयबद्ध प्रविष्टियां, लंबित मालों के निस्तारण, ई-साक्ष्य (e-Sakshya) के प्रभावी उपयोग, फॉरेंसिक साक्ष्यों के अधिकतम संकलन तथा अभियोजन की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दृष्टि, ऑपरेशन त्रिनेत्र, एनडीपीएस, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं अन्य विशेष अभियानों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
गोष्ठी में संवेदनशील स्थलों पर सतत पुलिस गश्त, बैंक/एटीएम, बाजार, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर प्रभावी चेकिंग, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा महिला सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बीट पुलिसिंग को सक्रिय एवं जनसंपर्क को प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्रवाई करते हुए जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
