एटा में खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर ने मारी भीषण टक्कर, पांच यात्रियों की मौत, कई घायल
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस को धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच बुरी तरह फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11 बजे थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास हुआ। फर्रुखाबाद से एटा आ रही रोडवेज बस अचानक खराब हो गई थी। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसे दोबारा स्टार्ट करने का प्रयास किया जाने लगा। इस दौरान करीब दस यात्री बस के पीछे धक्का लगा रहे थे, जबकि कुछ अन्य यात्री बस के आगे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि बस के पीछे धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच दब गए। वहीं बस के आगे खड़े कुछ लोग भी हादसे की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही थाना बागवाला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने राजेश (34) पुत्र रामसिंह निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम पुत्र राजपाल निवासी पिलखना, शैलेश कुमार पुत्र जोगराज सिंह निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (तीनों जनपद फर्रुखाबाद) तथा सत्येंद्र पुत्र राजकुमार निवासी भरी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
हादसे में रवि पुत्र राजेश निवासी गोदेपुर थाना मोहम्मदाबाद, विक्रांत, आनंद सिंह और दक्ष समेत कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
