गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी आरडब्ल्यूए में चुनाव को लेकर घमासान
6 सितंबर की जीबीएम स्थगित कराने की मांग
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद सचिव द्वारा बुलाई गई बैठक पर उठे सवाल, स्वतंत्र चुनाव अधिकारी नियुक्त करने की मांग
गाजियाबाद। गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी, राकेश मार्ग में आरडब्ल्यूए के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद 6 सितंबर को प्रस्तावित जनरल बोर्ड मीटिंग (जीबीएम) को स्थगित कराने तथा स्वतंत्र चुनाव अधिकारी नियुक्त कराकर निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर सोसायटी निवासी गौरव बंसल ने बुधवार को प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
गौरव बंसल ने जिलाधिकारी के नाम शिकायत पत्र अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ज्योति मौर्या को सौंपा। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर कार्यालय, गाजियाबाद में जाकर शिकायत की प्रति अधिकारियों को दी। शिकायत की प्रतियां डिप्टी रजिस्ट्रार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को भी भेजी गई हैं। इस दौरान दिनेश सिंह एवं रामसरण जग्गा भी उनके साथ रहे।शिकायत में कहा गया है कि गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में वर्तमान कार्यकारिणी की वैधानिक स्थिति को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
गौरव बंसल का कहना है कि जब कार्यकारिणी के प्रमुख पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं, तो सचिव द्वारा अपने स्तर पर जनरल बोर्ड मीटिंग बुलाने और चुनाव प्रक्रिया संचालित करने के अधिकार की जांच किया जाना आवश्यक है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरडब्ल्यूए के सचिव ने भी कुछ दिन पहले अपने पद से लिखित इस्तीफा दिया था, लेकिन लगभग 24 घंटे के भीतर ही अपना इस्तीफा वापस ले लिया। शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच कराने की मांग की है।
गौरव बंसल ने आरोप लगाया कि इस्तीफों और उसके बाद उन्हें वापस लेने की घटनाओं से सोसायटी में असमंजस की स्थिति पैदा हुई है और ऐसे माहौल में चुनाव प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।शिकायत में आरडब्ल्यूए सचिव ए के दोहरे द्वारा जारी किए गए तीन अलग-अलग नोटिसों को भी आधार बनाया गया है। शिकायत के अनुसार, पहले नोटिस में 23 अगस्त 2026 को बैठक प्रस्तावित की गई थी। इसके बाद 19 अगस्त को संशोधित नोटिस जारी कर बैठक की तारीख बदलकर 6 सितंबर 2026 कर दी गई। इसके अगले ही दिन 20 अगस्त को एक और संशोधित नोटिस जारी किया गया।
शिकायतकर्ता ने इन नोटिसों में बार-बार किए गए बदलावों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सोसायटी के निवासियों में भ्रम और असंतोष की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने सभी नोटिसों की वैधानिकता एवं उनके आधार की जांच कराने की मांग की है।गौरव बंसल ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में आशंका जताई है कि मौजूदा विवाद के बीच यदि 6 सितंबर को जनरल बोर्ड मीटिंग आयोजित की जाती है तो बैठक के दौरान कहासुनी, विवाद अथवा लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे सोसायटी में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
इसी को देखते हुए उन्होंने जिलाधिकारी से 6 सितंबर को प्रस्तावित जीबीएम/एजीएम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कराने की मांग की शिकायत में सोसायटी के अपार्टमेंट स्वामियों के हितों की रक्षा के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय अथवा जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव अधिकारी नियुक्त करने की मांग की गई है। मांग की गई है कि चुनाव अधिकारी की निगरानी में मतदाता सूची, चुनाव कार्यक्रम तथा पूरी चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराकर नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाए।
शिकायत के साथ आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के लिखित इस्तीफे तथा सचिव द्वारा जारी किए गए तीनों नोटिसों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं। गौरव बंसल ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है, बल्कि गुलमोहर एन्क्लेव के अपार्टमेंट स्वामियों के हितों की रक्षा करते हुए आरडब्ल्यूए का चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार कराना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि 6 सितंबर की विवादित बैठक से पहले ही उचित निर्णय लिया जाए, ताकि सोसायटी में किसी प्रकार का विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और स्वतंत्र चुनाव अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराकर पूरे मामले का स्थायी समाधान किया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
