मुख्यमंत्री योगी का दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरा, ललितपुर को मिल सकती हैं करोड़ों की सौगात
तुवन मंदिर मैदान में जनसभा, विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और समीक्षा बैठक करेंगे मुख्यमंत्री
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के तहत ललितपुर, झांसी और महोबा का दौरा करेंगे। ललितपुर में मुख्यमंत्री का करीब ढाई घंटे का प्रवास प्रस्तावित है, जिसके दौरान वह जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे शहर के तुवन मंदिर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की प्रगति का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री सदर विधानसभा ललितपुर एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान जिले को करोड़ों रुपये की नई विकास योजनाओं की सौगात भी मिल सकती है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने जनसभा की तैयारियों और विकास कार्यों को लेकर जानकारी दी। इधर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
करीब तीन वर्ष बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ललितपुर दौरा हो रहा है। राजनीतिक दृष्टि से भी इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए मुख्यमंत्री का बुंदेलखंड दौरा खास अहमियत रखता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
दिव्यांश शर्मा पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में ललितपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ‘वॉयस ऑफ लखनऊ’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दैनिक वृत्तांत’ सहित विभिन्न समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के पद पर कार्य करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
