चेयरपर्सन फात्मा रजा ने वार्डों में विकास को दी रफ्तार
बदायूं। नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए चेयरपर्सन फात्मा रजा ने सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
चेयरपर्सन फात्मा रजा ने वार्ड संख्या 18 के कल्याण नगर-लोची नगला में सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीसी सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बारिश के दौरान होने वाली कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा वार्ड संख्या 27 के मोहल्ला नई सराय स्थित अब्बासी कॉलोनी में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य से क्षेत्र में सड़क और जल निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। चेयरपर्सन फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार सड़क, नाली सहित अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में सड़क और जल निकासी की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा कराया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
