किसान दिवस में सीडीओ ने सुनी कृषकों की समस्याएं
बदायूं। बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कृषि, बैंक, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने किसानों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ऋणी किसान सक्रिय किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 31 अगस्त तक धान, मक्का, बाजरा, उड़द एवं तिल की फसलों का बीमा करा सकते हैं। किसानों ने किसान दिवस में समस्याएं रखीं।
संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। सीडीओ ने गूलों को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
