कुख्यात नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर, 3.5 करोड़ की संपत्ति ध्वस्त
कार्रवाई में दो पक्के मकान और एक गौशाला ध्वस्त
- सरकार ने नशे के खिलाफ चलाया सख्त अभियान
कठुआ। जिला कठुआ में नशा मुक्त अभियान के तहत प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। यह संयुक्त कार्रवाई जिला प्रशासन कठुआ और कठुआ पुलिस द्वारा सप्राल पैन तहसील मढ़हीन में की गई।
कार्रवाई के दौरान दो पक्के मकान और एक गौशाला को ध्वस्त किया गया जो सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित थे। जिन आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, उनमें गुलजार उर्फ दाऊ पुत्र आशिक अली तथा फरमान अली पुत्र आशिक अली निवासी सप्राल पैन तहसील मढ़हीन जिला कठुआ शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार दोनों आरोपी नशा तस्करी से जुड़े कई एफआईआर मामलों में संलिप्त रहे हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे। ध्वस्त की गई संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई सिविल और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई जो सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए ढांचे किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। जिला प्रशासन और कठुआ पुलिस ने दोहराया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों व इससे जुड़े सभी लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
