सलेमपुर कब्रिस्तान जमीन एग्रीमेंट व भैंस चोरी पर भड़की भाकियू
10 सितंबर को मासिक बैठक के साथ धरना-प्रदर्शन
सिराज, मोहनलालगंज संवाददाता
- समाधान न होने पर भाकियू ने आंदोलन उग्र करने की दी चेतावनी
मोहनलालगंज,लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेश कार्यालय गंगागंज में हुई बैठक में किसानों और आम जनता की गंभीर समस्याओं पर तीखी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष सुनील वर्मा के निर्देश पर हुई बैठक में मंडल प्रभारी बद्री प्रसाद रावत के यहां हुई भैंस चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पदाधिकारियों ने पुलिस द्वारा अब तक खुलासा न करने पर रोष जताया और जनपद में बढ़ रही चोरी की घटनाओं में देरी पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में श्मशान, बंजर और पशुचर भूमि पर कंपनियों व प्रॉपर्टी डीलरों के कथित कब्जे का मुद्दा भी उठा। सुल्तानपुर रोड स्थित सलेमपुर की गाटा संख्या 1698 वाले सैकड़ों वर्ष पुराने कब्रिस्तान का 24 अगस्त को दलालों के जरिए प्रॉपर्टी डीलरों से एग्रीमेंट कराने का मामला गंभीर रूप से चर्चा में रहा। संगठन का कहना है कि यहां लाखों मुर्दे दफन हैं और गंगागंज-सलेमपुर के लोगों की मिट्टी यहीं लाई जाती है।
खाद की कमी, आवारा पशुओं से फसल नुकसान समेत अन्य जनसमस्याओं पर भी विचार हुआ। इन मुद्दों को लेकर भाकियू अंबावता 10 सितंबर को मासिक बैठक के साथ धरना-प्रदर्शन करेगी। संगठन ने चेतावनी दी कि समाधान न हुआ तो आंदोलन और व्यापक होगा। बैठक में युवा जिला कार्यकारिणी का गठन भी हुआ।

युवा जिला अध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी करन गुप्ता (बीरू) ने नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में राजीव कुमार, जितेंद्र बहादुर सिंह, जन्मेजय सिंह, मनोज यादव, फुरकान राईन, आशीष यादव, राजकुमार यादव, छोटू, प्रेमवती, नबीहुन खान और विनोद धीमान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
