उन्नाव पुलिस की बड़ी सफलता, 78 गुमशुदा मोबाइल खोजकर लौटाए
CEIR पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से 15.60 लाख रुपये के मोबाइल बरामद
उन्नाव। आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रियता के बेहतर समन्वय का उदाहरण पेश करते हुए उन्नाव पुलिस ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से 78 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ रेंज के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह द्वारा प्रत्येक थाने में CEIR टीम गठित कर गुमशुदा मोबाइल संबंधी शिकायतों को पोर्टल पर अपलोड कराने एवं उनकी बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेंद्र लाल के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल एवं जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में मई माह तक 289 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जिनकी कीमत लगभग 60 लाख 90 हजार रुपये थी। इसी क्रम में शनिवार को CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभिन्न कंपनियों के 78 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 367 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 76 लाख 50 हजार रुपये है। इनमें एक वीवो वी-70 मोबाइल भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये है।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह द्वारा गुमशुदा मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए समय-समय पर दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सर्विलांस एवं थाना पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों से इन मोबाइलों को बरामद किया। बरामद किए गए सभी 78 मोबाइल उनके स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए, जिससे मोबाइल धारकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार जनवरी 2025 से नवंबर 2025 तक 424 मोबाइल फोन (लगभग 95 लाख रुपये मूल्य) बरामद किए गए थे। दिसंबर 2025 में 101 मोबाइल फोन (करीब 20 लाख रुपये मूल्य) बरामद हुए। वहीं जनवरी से मई 2026 तक 289 मोबाइल फोन (करीब 60.90 लाख रुपये मूल्य) बरामद किए गए। दिसंबर 2025 से जून 2026 तक कुल 468 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 96 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं।
बरामद मोबाइलों में रेडमी के 13, वीवो के 17, पोको के 5, सैमसंग के 7, रियलमी के 14, ओप्पो के 8, लावा का 1, एआई+ का 1, टेक्नो के 3, मोटोरोला के 2, आईटेल के 4 तथा वनप्लस के 3 मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस उपलब्धि में सर्विलांस टीम प्रभारी अतुल कुमार वर्मा, मुख्य आरक्षी सुदीप कटियार, मुख्य आरक्षी शीतांशु गंगवार, आरक्षी प्रशांत बालियान, विवेक कुमार, आकाश बालियान एवं अरुण कुमार सहित जनपद के विभिन्न थानों की CEIR टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव रखने वाले मनीष तिवारी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के उन्नाव ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उन्नाव में आधारित रहते हुए वह क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग और सटीक कवरेज करते हैं।
