अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, दो शूटर ढेर, 20 से ज्यादा गोलियां लगने की बात
औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़, 50-50 हजार के इनामी सुमित और मोहित मारे गए
दो अन्य शूटरों की तलाश जारी
शामली ।हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी दो कथित शूटरों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों का संबंध गोगी गैंग से था और वे अंकित बालियान की हत्या में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, अंकित की हत्या के बाद दोनों आरोपी बागपत के रास्ते लोनी की तरफ भाग निकले थे। पुलिस लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की कोशिश में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया।
पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। कुछ देर चली मुठभेड़ में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शरीर पर 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।
https://twitter.com/Baliyan_x/status/2094246594489311388?s=20
मौके से हथियार बरामद
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए सुमित और मोहित अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। बरामदगी की जांच की जा रही है और मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
चार शूटरों में दो मारे गए, दो की तलाश जारी
पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित को मुठभेड़ में मार गिराने का पुलिस ने दावा किया है। अब पुलिस की नजर बाकी दो आरोपियों सत्यम और आर्यन पर है।
दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की पूरी साजिश और हत्या के पीछे की वजह से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
CCTV से शुरू हुई थी शूटरों की तलाश
अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया था। जांच के दौरान पुलिस को शूटरों के बागपत और लोनी की ओर भागने के सुराग मिले। इसके बाद संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी निगरानी के दौरान सोमवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और कथित शूटरों का आमना-सामना हो गया।
फिलहाल पुलिस बाकी दो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अंकित बालियान हत्याकांड में उनकी भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
