मीरजापुर: कार्यभार संभालने से पहले मां विंध्यवासिनी की शरण में पहुंचीं डीआईजी पूनम
मीरजापुर। विन्ध्याचल परिक्षेत्र की नव नियुक्त उप महानिरीक्षक (डीआईजी) आईपीएस पूनम (2010 बैच) ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर श्रद्धापूर्वक विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की।
डीआईजी पूनम ने दर्शन के बाद मंदिर परिसर में आयोजित विशेष हवन-पूजन में भी सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य विनय महाराज ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया, जिसमें डीआईजी ने आहुतियां अर्पित कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद डीआईजी पूनम ने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि तथा अपराधमुक्त समाज की कामना की।
उल्लेखनीय है कि आईपीएस पूनम अपनी सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली, अनुशासित प्रशासन और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं। विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विन्ध्याचल परिक्षेत्र की नई डीआईजी के रूप में उनकी तैनाती को पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों और आम लोगों को उनसे जवाबदेह, पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
