बदायूं नगर पालिका में बाबू निलंबित, तथ्यों को छिपाकर नोटिस जारी करने का आरोप
बदायूं। नगर पालिका परिषद बदायूं के बाबू नारायण दत्त शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा जारी निलंबन आदेश में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने एक भवन संबंधी मामले में वास्तविक तथ्यों को छिपाकर पालिका प्रशासन को गुमराह किया और अनुचित तरीके से नोटिस जारी कराया।
जारी आदेश के अनुसार मोहल्ला वैदो टोला स्थित एक पुराने एवं जर्जर भवन को गिराए जाने के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर 8 जून 2026 को वैधानिक नोटिस जारी किया गया था। बाद में संज्ञान में आया कि उक्त भवन एवं संपत्ति का मामला न्यायालय में विचाराधीन है तथा संबंधित प्रकरण में सक्षम अधिकारियों द्वारा अंतिम निर्णय आने और जांच पूरी होने तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।
आरोप है कि इन तथ्यों को छिपाते हुए नोटिस जारी कराया गया, जो सेवा नियमों के प्रतिकूल माना गया। इसी आधार पर बाबू नारायण दत्त शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नगर पालिका प्रशासन ने मामले की जांच के लिए नितिन सक्सेना, सहायक अभियंता (जल) को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर अपनी आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
