लखीमपुर-खीरी,18 जून(तरुणमित्र)। शहर के मोहल्ला कीरत नगर के निवासियों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपा है।
मोहल्लावासियों का कहना है कि डी.सी. रोड स्थित कल्याण जी ज्वैलर्स के समीप से पुराने बिजली दफ्तर तक जाने वाली लगभग 200 से 250 मीटर लंबी सड़क करीब 15-20 वर्ष पूर्व बनाई गई थी,लेकिन वर्तमान में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं,जिससे राहगीरों,वाहन चालकों एवं क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
मोहल्ला निवासी त्रिमोहन लाल कटियार,सतीश सिंह व राजकुमार शुक्ला सहित अन्य प्रार्थीगणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए,जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
मोहल्ला निवासियों ने प्रशासन से जनहित में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की है।