मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
डीएम और एसपी ने ताजियादारों व सम्भ्रांत नागरिकों के साथ की बैठक, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
कौशाम्बी। जिले में मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को उदयन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों, ताजियादारों एवं सम्भ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम का त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को भी शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की गैर परंपरागत गतिविधि न की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से कम रखी जाए और छुरीबाजी अथवा चाकूबाजी जैसे प्रदर्शनों से पूरी तरह परहेज किया जाए।
डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष निगरानी है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न की जाए। यदि कोई अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री वायरल होती दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद की शांति एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को ताजियादारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं अधिशासी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कहीं भी जलभराव न होने देने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिशासी अभियंता विद्युत को ढीले एवं झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने के लिए कहा गया।
ये खबर भी पढ़े : योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, 44वीं वाहिनी पीएसी में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी जाए। उन्होंने ताजियादारों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
