आगरा हत्याकांड: पति की हत्या के बाद डेढ़ महीने तक लाश के ऊपर नहाती रही पत्नी
फिल्म-वेब सीरीज देखकर रची थी खौफनाक साजिश
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पति सुरेंद्र शर्मा (44) की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने की आरोपी पत्नी रूबी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने पति की प्रताड़ना से तंग आकर अकेले ही हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, मामले की वैज्ञानिक जांच अभी जारी है।

ये खबर भी पढ़े : तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बंगाल प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफापुलिस का कहना है कि आरोपी ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाने के लिए अपराध आधारित फिल्में और वेब सीरीज देखीं। जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेंद्र को कथित तौर पर खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर दी गई थीं। मौत के बाद शव को घर के बाथरूम में दफन कर ऊपर नया फर्श बनवा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।
हत्या के बाद गुमशुदगी का नाटक
सुरेंद्र 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। पत्नी रूबी ने परिजनों और पुलिस को बताया था कि वह घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। बाद में उसने पुलिस में गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। इस दौरान वह सामान्य जीवन जीती रही और पड़ोसियों के सामने पति की तलाश को लेकर चिंता जताने का नाटक भी करती रही।

पुराने मुकदमे के सत्यापन से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस 2017 के एक पुराने मुकदमे के सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची। पुलिस की पूछताछ के बाद रूबी घबरा गई और अंततः अपने जेठ अनिल शर्मा को बुलाकर हत्या की जानकारी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से कंकाल बरामद हुआ।

'जेल जाना मंजूर था, लेकिन अब बेटियों की चिंता'
पुलिस हिरासत में रूबी ने कथित तौर पर कहा कि पति की प्रताड़ना से वह इतनी परेशान थी कि उसके साथ रहने से बेहतर उसे जेल जाना लगा। उसने यह भी कहा कि उसे जेल जाने का अफसोस नहीं है, लेकिन अपनी दोनों बेटियों की चिंता जरूर है। वहीं बेटियों ने पुलिस को बताया कि पिता बेरोजगारी और शराब की लत के कारण तनाव में रहते थे, लेकिन उनका मानना है कि हत्या समाधान नहीं थी।
डीएनए जांच से होगी वैज्ञानिक पुष्टि
पुलिस ने बरामद कंकाल का डीएनए सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। डीएनए का मिलान मृतक के परिजनों से कराया जाएगा, जिससे शव की पहचान और हत्या के मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य मजबूत हो सकें। शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया गया है।

पुलिस का दावा- अकेले रची साजिश, जांच जारी
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, पूछताछ में फिलहाल हत्या की साजिश में महिला के अकेले शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेंद्र की मौत के बाद उनकी दोनों बेटियां फिलहाल अपने ताऊ के घर रह रही हैं। वहीं आरोपी रूबी के मायके वालों ने भी उससे दूरी बना ली है। परिवार ने सुरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया है, जबकि बेटियों के भविष्य और पालन-पोषण को लेकर चिंता बनी हुई है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी परिस्थितिजन्य एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
