चार साल बच्ची के साथ दुष्कर्म आरोपी अधेड़ हिरासत में
आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंगाही बेलरायां मार्ग किया जाम कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद
शहनूर अली तहसील प्रभारी निघासन
निघासन खीरी 06 सितम्बर तरुणमित्र सिंगाही थाना इलाके के एक गांव में रविवार सुबह चार साल की बच्ची के साथ करीब 65 वर्षीय अधेड़ द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में बच्ची को पहले निघासन सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि सिंगाही-बेलरायां मार्ग स्थित गांव में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के पास पीड़िता और आरोपी के घर आमने-सामने हैं। रविवार सुबह आरोपी खलील पर बच्ची को पैसे देने लालच देकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
घटना के बाद खून से लथपथ बच्ची जब घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों के पूछने पर बच्ची ने घटना के बारे में बताने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने फावड़ा लेकर उन्हें दौड़ा लिया।
परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी वैन मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी सिंगाही थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह को दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर बच्ची को तत्काल निघासन सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिंगाही थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम के साथ पढुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर, निघासन इंस्पेक्टर गोपाल नारायण सिंह, सिंगाही थाना प्रभारी राज बहादुर सिंह और तिकुनिया थाना प्रभारी अवनीश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी ली।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंगाही-निघासन मार्ग किया जाम
मासूम के साथ हुई घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों के साथ हिंदू संगठन और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर के लिए सिंगाही-निघासन संपर्क मार्ग जाम कर दिया। मार्ग जाम होने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह व एडिशनल पवन गौतम ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और मुकदमे की प्रभावी पैरवी कराई जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सुचारु हो सका।
मेडिकल जांच और साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जांच का आधार बना रही है। नाबालिग पीड़िता से जुड़े मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
सीओ शिवम कुमार बोले- मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि चार वर्षीय बच्ची से संबंधित घटना की सूचना पुलिस को मिली है। बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। मेडिकल जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट तथा विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़िता के उपचार और सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता में रखा गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
