जोधपुर से घर लौटते समय युवक गायब, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही रेलवे पुलिस
टिकट छीनने के बाद 500 रुपये भेजने की बात कही गई
पूर्व मेदिनीपुर। जिले के पांशकुड़ा थाना क्षेत्र के देहाटी गांव निवासी प्रवासी श्रमिक संतु मंडल राजस्थान से घर लौटते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं।
परिवार की शिकायत पर हावड़ा रेल जीआरपी तथा पांशकुड़ा जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, लेकिन मंगलवार सुबह तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
परिजनों के अनुसार, संतु मंडल 16 जुलाई को रथयात्रा के दिन काम की तलाश में राजस्थान के जोधपुर गए थे। कुछ दिन बाद उन्होंने घर लौटने का निर्णय लिया।
परिवार ने कहा कि 23 जुलाई की रात 11:55 बजे जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में सवार होने के बाद उन्होंने अपने चचेरे भाई को फोन कर इसकी जानकारी दी थी, जिससे परिवार निश्चिंत हो गया।
अगले दिन सुबह लगभग 10 बजे संतु ने फिर फोन किया और बताया कि दो व्यक्ति उनका पीछा कर रहे हैं। कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा फोन कर कहा कि उनका रेल टिकट छीन लिया गया है तथा तत्काल 500 रुपये भेजने को कहा।
परिजनों ने फोनपे के माध्यम से 500 रुपये भेज दिए, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। तब से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
घटना के बाद परिजन पहले पांशकुड़ा थाना पहुंचे, जहां से उन्हें हावड़ा रेल जीआरपी से संपर्क करने की सलाह दी गई। इसके बाद हावड़ा रेल जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। साथ ही पांशकुड़ा जीआरपी में भी शिकायत दी गई है।
पुलिस ने संतु मंडल की तलाश शुरू कर दी है और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हालांकि अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
इधर, एकमात्र पुत्र के लापता होने से उनकी विधवा मां गहरे सदमे में हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र संतु मंडल का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित घर लौटाने की गुहार लगाई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
