गंदगी और कॉकरोच मिलने पर Blinkit यूनिट का लाइसेंस निलंबित
मुंबई में FDA का बड़ा एक्शन, जांच में मिलीं कई गंभीर खामियां
मुंबई। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई में Blinkit की एक यूनिट का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, रिलायंस रिटेल के एक आउटलेट की भी जांच शुरू की गई है।
FDA के अधिकारियों के मुताबिक, मलाड के सर्वोदय भवन स्थित Blinkit फैसिलिटी में 7 अगस्त को निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां मिलीं। जांच में परिसर में काफी गंदगी और बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से स्टोर नहीं किया गया था और कोल्ड स्टोरेज की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान एक्सपायर हो चुके और क्षतिग्रस्त पैकेट भी मिले। अधिकारियों ने पेस्ट कंट्रोल, सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की कमी भी दर्ज की। सब्जी और फल रखने वाले क्षेत्र में भी भारी संख्या में कॉकरोच पाए गए।
खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए FDA ने फूड सेफ्टी कानून की धारा 32(3) के तहत Blinkit यूनिट का लाइसेंस निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि में संबंधित यूनिट से बिक्री, वितरण और खाद्य कारोबार से जुड़ी गतिविधियों पर रोक रहेगी।
रिलायंस रिटेल आउटलेट से काजू कतली के सैंपल लिए
इसी कार्रवाई के दौरान FDA अधिकारियों ने रिलायंस रिटेल के एक आउटलेट से काजू कतली के सैंपल भी लिए। अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि मिठाई में फंगस और जीवित कीड़े पाए गए हैं। इसके बाद करीब 54 डिब्बे काजू कतली जब्त कर लिए गए और उनके नमूने जांच के लिए फूड लेबोरेटरी भेजे गए।
यह शिकायत बुलढाणा जिले के ARD सिनेमा मॉल स्थित रिलायंस रिटेल आउटलेट में बिक रही लक्ष्मी नारायण ब्रांड की काजू कतली से संबंधित थी। 8 अगस्त 2026 को ग्राहकों ने मिठाई में फंगस और जीवित कीड़े होने की शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही FDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। FDA के अनुसार, अब लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
