80 फीट ऊंचे किले से महिला ने लगाई छलांग, मौके पर मौत
खरगोन के महेश्वर का मामला
- पुलिस घटना को लेकर जांच में जुटी
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के ऐतिहासिक नगर महेश्वर में गुरुवार सुबह एक 55 वर्षीय महिला ने अहिल्या घाट स्थित किले की 80 फीट ऊंची प्राचीर से छलांग लगा दी। गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सुरक्षा गार्ड द्वारा रोके जाने के बावजूद महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस घटना को लेकर जांच में जुट गई है।
महेश्वर के प्रसिद्ध अहिल्या घाट पर गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, महिला जब किले के प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, तब ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने उसे रोका भी था। हालांकि, कुछ समय बाद महिला दूसरे रास्ते से घूमकर दोबारा किले की प्राचीर पर पहुंच गई और अचानक नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से सीधे पक्के घाट पर गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही महेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान लक्ष्मीबाई (55), पत्नी हरभजन सिंह, निवासी अंबेडकर वार्ड स्थित मल्टी (महेश्वर) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के बेटा-बेटी बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महिला ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। महेश्वर पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
