सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज, उज्जैन मेला क्षेत्र में बनेंगे जोन
सड़क कनेक्टिविटी और अस्थायी सड़कों पर विशेष फोकस
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 मेले को कितने जोन में बांटा जाएगा, यह अगले सात दिनों में तय हो जाएगा। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को हुई समन्वय बैठक में मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन में विभाजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, पार्किंग, सड़क कनेक्टिविटी, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर बैठक में चर्चा हुई। संभागायुक्त आशीष सिंह ने अधिकारियों को जोनवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मेला क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण, लेवलिंग का काम पूरा करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त सिंह ने कहा कि मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटकर प्रत्येक जोन की जरूरत के अनुसार सड़क, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की योजना तैयार की जाए। अगले सात दिनों में प्रस्तावित जोन निर्धारित कर उनकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के लिए भूमि का चिन्हांकन कर विस्तृत योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा नवनिर्मित स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
