बाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा
मप्र के धार में गुजरात के श्रद्धालुओं की वैन को ट्रॉले ने मारी टक्कर, 6 की मौत
- गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रॉले ने मारी जोरदार टक्कर
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर भीषण हादसे में गुजरात के छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु मारुति ईको वैन में सवार होकर उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी वैन को गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दुर्घटना घटी।
पुलिस के अनुसार गुजरात के वड़ोदरा से कुछ श्रद्धालु ईको वैन से उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए आए थे। यहां से लौटते समय रविवार दोपहर करीब एक बजे पंचकवासा गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया।
ये खबर भी पढ़े : किसानों को सरकार का भरोसा, कृषि मंत्री कंषाना बोले- मूंग खरीदी समेत सभी मांगों पर होगा जल्द फैसला
बदनावर थाना प्रभारी कुशवाह ने बताया कि हादसे में वैन में सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा इतना भीषण था कि दो शवों को ग्राइंडर मशीन से वैन को काटकर निकाला गया। सभी महाकाल के दर्शन कर उज्जैन से वड़ोदरा लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रॉला बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर गलत साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा था। वहीं, मारुति ईको स्पोर्ट्स वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर से शवों को बाहर निकाला।
हादसे की जानकारी पर धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। कलेक्टर मीणा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया। पुलिस ने मृतकों के परिजन को सूचना दे दी है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
