छतरपुर: सगी बहनों की संदिग्ध मौत, दफनाने के बाद कब्र से निकलवाए शव
फूड पॉइजनिंग की अभी पुष्टि नहीं
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपौरा गांव में एक ही परिवार की तीन सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
शनिवार सुबह कुछ ही समय के अंतराल में तीनों की तबीयत बिगड़ी और करीब एक घंटे के भीतर उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर तीनों को दफना दिया था।
बाद में पुलिस को सूचना मिलने पर प्रशासन ने कब्रें खुदवाकर शव बाहर निकलवाए और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
मृत बच्चियों की पहचान पूनम कुशवाहा (9), मनीषा कुशवाहा (5) और चाहत कुशवाहा (9 माह) के रूप में हुई है। उनके पिता बालमकुंद कुशवाहा खेती-किसानी करते हैं।
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार रात घर में बैंगन का भरता और रोटी बनी थी। पूनम और मनीषा ने खाना खाया था, जबकि नौ माह की चाहत ने खाना नहीं खाया और मां का दूध पीया था। परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत सामान्य बताई गई है।
सुबह उल्टी के बाद बिगड़ी हालत, एक के बाद एक मौत
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे के बाद सबसे पहले पूनम की तबीयत बिगड़ी। उसे उल्टी हुई और परिजन अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद मनीषा की हालत खराब हुई।
उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नौ माह की चाहत की तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए ले गए।
बाद में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। तीनों बच्चियों की मौत के बाद परिजनों ने शवों को पनौठा गांव में दफना दिया।
सरपंच की सूचना पर पहुंची पुलिस
तीनों बच्चियों को दफनाए जाने की जानकारी सरपंच के माध्यम से पुलिस को मिली। मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे के अनुसार, सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
प्रशासन की मौजूदगी में तीनों कब्रों को खुलवाकर शव बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए छतरपुर भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के दौरान बिसरा सैंपल भी लिए जाएंगे, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने घर में बने भोजन के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल की जांच के साथ पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और बिसरा रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
पांच बेटियों में तीन की मौत
परिजनों के मुताबिक, रामकुंवर कुशवाहा की शादी ईशानगर क्षेत्र के पनौठा गांव निवासी बालमकुंद से हुई थी। शादी के बाद दोनों पिपौरा खुर्द में रहने लगे। दंपती की पांच बेटियां हैं। मृत पूनम, मनीषा और चाहत क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर की बेटियां थीं।
फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं, जांच रिपोर्ट का इंतजार
सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता ने बताया कि तीनों बच्चियों की तबीयत शनिवार सुबह अचानक बिगड़ी थी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम, बिसरा और भोजन के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एएसपी आदित्य पटले के मुताबिक, पुलिस और एफएसएल टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौतें फूड पॉइजनिंग के कारण हुईं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
