उज्जैन में 14वीं सदी का महाकाल द्वार गिरा, जीर्णोद्धार का चल रहा था काम

2.12 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा था जीर्णोद्धार का काम

Published By Harshit
On
Harshit Picture
By Harshit

  • घटना के समय मौके पर नहीं था कोई, टली बड़ी जनहानि

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए चल रही तैयारियों के बीच शनिवार देर रात महाकालेश्वर मंदिर से रामघाट जाने वाले प्राचीन मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक महाकाल द्वार अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय द्वार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके चलते जनहानि टल गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह स्मार्ट सिटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में सिंहस्थ की तैयारियों को निर्माण कार्य चल रहे हैं। महाकाल द्वार के समीप निर्माण कार्य के दौरान गहरी खुदाई की जा रही है। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ने और जमीन के सेटलमेंट की वजह से द्वार की संरचना प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

MP में भारी बारिश का अलर्ट, श्योपुर-शिवपुरी में ऑरेंज अलर्ट ये खबर भी पढ़े : MP में भारी बारिश का अलर्ट, श्योपुर-शिवपुरी में ऑरेंज अलर्ट

कार्यपालन यंत्री कमल सक्सेना ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रात को हुआ है। आसपास डीप एक्सकेवेशन का काम चल रहा था और लगातार बारिश भी हुई है। ऐसे में जमीन के धंसने यानी सेटलमेंट के कारण द्वार के गिरने की आशंका है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के उत्तर में करीब 100 मीटर दूर स्थित यह स्थान ‘महाकाल द्वार’ के नाम से जाना जाता है। यह ऐतिहासिक द्वार लगभग 14वीं शताब्दी ईस्वी के आरंभ का माना जाता है, जो कि रामघाट जाने वाले पुराने मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका निर्माण बेसाल्ट पत्थर और ईंटों से किया गया है।

उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महाकाल मंदिर परिसर विस्तार परियोजना के तहत करीब 2.12 करोड़ रुपये की लागत से इसके जीर्णोद्धार का काम किया जा रहा था। इस द्वार के जीर्णोद्धार में आधुनिक सीमेंट के बजाय पारंपरिक चूना तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा था। चंदेरी और ललितपुर से आए कारीगर चूना, गुड़, मैथी, गूगल,उड़द के पानी, ईंट के चूरे और रेत जैसे पारंपरिक मिश्रण से निर्माण कार्य कर रहे थे। कारीगरों का दावा था कि यह तकनीक ऐतिहासिक संरचनाओं को लंबे समय तक मजबूती प्रदान करती है।

बताया जाता है कि महाकाल द्वार ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसे मध्यकालीन काल से रामघाट और महाकाल मंदिर के बीच संपर्क मार्ग के रूप में उपयोग किया जाता रहा है। द्वार के गिरने के बाद अब निर्माण गुणवत्ता, आसपास चल रही खुदाई और जमीन की स्थिति को लेकर जांच की जा रही है।

महाकाल द्वार परिसर में एक मेहराबदार प्रवेश द्वार, पत्थर की सीढ़ियां, मंदिर से प्राप्त नक्काशीदार पत्थरों के अवशेष और एक पुराना मार्ग मौजूद है। सदियों से इस द्वार का उपयोग स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों द्वारा रामघाट को श्री महाकालेश्वर मंदिर से जोड़ने वाले मार्ग के रूप में किया जाता रहा है। इसकी स्थापत्य विशेषताओं से पता चलता है कि मध्ययुग में दिल्ली के तीसरे सुल्तान द्वारा किए गए विनाश के बाद इस स्थल का अलग-अलग कालखंडों में जीर्णोद्धार हुआ। 18वीं शताब्दी में सिंधिया शासन के दौरान और आधुनिक दौर में सिंहस्थ कुंभ (2004) के समय भी यहां पुनरुद्धार कार्य किए गए। इसके बाद 2021 में उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा एक योजना के तहत महाकाल द्वार का पुनर्विकास किया गया। उज्जैन के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर स्थलों में इसका विशेष महत्व है।

संबंधित खबरें

लेखक के बारे में

Harshit Picture

हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।

नवीनतम

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के नाम से शराब पार्टी वाला वीडियो निकला फर्जी

नई दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त पूर्णकालिक सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा के नाम से सोशल...
राष्ट्रीय 
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के नाम से शराब पार्टी वाला वीडियो निकला फर्जी