पश्चिमी सिंहभूम: शंकर लागुरी हत्याकांड का खुलासा, भाई-चचेरे भाई समेत दो गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद
पश्चिमी सिंहभूम। जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में हुए शंकर लागुरी हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक फायर की गई गोली का पिलेट तथा एक आईटेल कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले की जानकारी शनिवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि जयपुर गांव निवासी शंकर लागुरी को उसके छोटे भाई महेन्द्र लागुरी और चचेरे भाई विजय लागुरी ने गोली मार दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और गंभीर रूप से घायल शंकर लागुरी को पहले कुमारकुंगी अस्पताल, फिर सदर अस्पताल चाईबासा और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा गया। हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर हाटगम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 जुलाई को विजय लागुरी को गिरफ्तार किया।
ये खबर भी पढ़े : क्राइम पेट्रोल से मिली ‘कत्ल की स्क्रिप्ट’, खीर में नींद की गोलियां मिलाकर पति को मारापूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया। इसके बाद 18 जुलाई को दूसरे आरोपित महेन्द्र लागुरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि शंकर लागुरी ने दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा जमीन के मुआवजे की राशि के बंटवारे को लेकर भी आरोपितों और मृतक के बीच तनाव था।
पुलिस का मानना है कि इन्हीं कारणों से सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
