संगम नदी में डूबे कुणाल का शव चौथे दिन बरामद
पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र में संगम नदी में डूबे 15 वर्षीय छात्र कुणाल बिरुवा का शव चौथे दिन मंगलवार को बरामद किया गया है। शनिवार को वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और फुटबॉल खेलने संगम नदी गया था, जहां गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई थी। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से पुलिस ने नदी से शव को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर चाईबासा सदर के एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो और एसडीपीओ बहामन टुटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर थाना जाकर घटना की विस्तृत जानकारी ली और वहां पूछताछ के लिए रखे गए 24 बच्चों को छोड़कर स्थिति को सामान्य कराया।
कुणाल संत जेवियर स्कूल, चाईबासा का छात्र था। ग्रामीणों ने बताया कि पिकनिक के दौरान बच्चे नदी किनारे फुटबॉल खेल रहे थे, तभी गेंद पानी में चली गई। उसे निकालने के लिए कुणाल नदी में उतरा, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने से वह डूब गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी लगातार पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
