रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर हुए हादसे में दंपती व इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत
सीकर से लौटते समय स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, गैस कटर से निकाले शव
रेवाड़ी। रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके इकलौते बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान रेवाड़ी जिले के गांव बोड़िया कमालपुर निवासी 44 वर्षीय बृजमोहन, उनकी 40 वर्षीय पत्नी अनीता और 13 वर्षीय बेटे निमेष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बृजमोहन अपनी पत्नी और बेटे के साथ राजस्थान के सीकर गए थे।
वे बेटे निमेष का एक निजी स्कूल में दाखिला कराने पहुंचे थे। दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिवार देर रात स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस रेवाड़ी लौट रहा था। सोमवार अल सुबह जब उनकी गाड़ी गांव धामालावास स्थित आईटीआई के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद तीनों गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार पूरी तरह चकनाचूर होने के कारण शवों को बाहर निकालना आसान नहीं था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन और गैस कटर की मदद से गाड़ी को काटकर तीनों शव बाहर निकाले।
इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। हादसे के बाद गांव बोड़िया कमालपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि बृजमोहन एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी अनीता सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। परिवार का इकलौता बेटा निमेष पढ़ाई में होनहार था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में अब केवल बृजमोहन के बुजुर्ग माता-पिता ही बचे हैं। उनकी बहन की पहले ही शादी हो चुकी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
