रेवाड़ी: घर के बाहर खेल रही मासूम को कार ने कुचला, हादसे में बच्ची की मौत
दर्दनाक हादसा, बच्ची की मौत के बाद अस्पताल से कार लेकर फरार हुआ चालक
- रेवाड़ी के धारूहेड़ा में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
- घर के बाहर खेल रही 3 वर्षीय बच्ची कार की चपेट में आई।
- अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित किया।
रेवाड़ी। जिले के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा के सेक्टर-चार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया।
हादसे के बाद बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कार चालक वाहन सहित अस्पताल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-चार निवासी किशन कांत की करीब तीन वर्षीय बेटी आन्या बुधवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक ही घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये खबर भी पढ़े : उच्च शिक्षा के लिए रोडमैप तय, ‘अव्वल बालिका योजना’ में मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटीबच्ची की मौत की सूचना मिलते ही चालक कार लेकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल भिजवाया। परिजनों के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
