रील बनाने से मना करने पर नहर में कूदी किशोरी, दो दिन बाद मिला शव
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर। जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र में रील बनाने से मना किए जाने पर गंगा नहर में कूदने वाली किशोरी का शव घटना के दो दिन बाद बुधवार को चंदौली जिले में गंगा नहर से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना। प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि चंदौली जिले के लेवा गांव निवासी खुशबू अपनी मां सरिता के साथ अदलहाट थाना क्षेत्र के कौवासाथ गांव स्थित ननिहाल आई थी। छह जुलाई की शाम वह मोबाइल फोन से रील बना रही थी। इस दौरान मां ने उसे डांट दिया, जिससे नाराज होकर वह सरैया मठना के पास नारायनपुर पंप कैनाल से निकली गंगा नहर में कूद गई। घटना के बाद परिजनों और पुलिस ने देर रात तक तथा अगले दिन भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोधना नई बस्ती के पास गंगा नहर में किशोरी का शव उतराता मिला। सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बंधी में डूबे युवक का शव छह घंटे बाद मिला
मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के चितौली गांव के मछहां मजरा स्थित बरबटा बंधी में बुधवार को स्नान के दौरान डूबे युवक का शव करीब छह घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। चितौली गांव निवासी 20 वर्षीय आरिफ अंसारी अपने दो दोस्तों के साथ सुबह करीब 10 बजे बरबटा बंधी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोनों युवक गांव पहुंचकर शोर मचाए, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पुलिस पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। दोपहर करीब दो बजे पहुंची टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे युवक का शव बरामद कर लिया। आरिफ अंसारी अविवाहित था। वह दो बहनों और दो भाइयों में चौथे स्थान पर था। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
