बीआरटीएस बस से टकराई नशे में धुत एएसआई की कार , शराब और वर्दी बरामद
सूरत। नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने रविवार को तेज रफ्तार से कार चलाते हुए आगे जा रही एक बीआरटीएस बस में पीछे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूरत के उमरा विस्तार क्षेत्र में हुई आज इस दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद पुलिसकर्मी की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। स्थानीय लोगों ने जब उससे पूछताछ की तो वह बार-बार खुद को पुलिसकर्मी मानने से इनकार करता रहा और कहता रहा कि वह कॉन्स्टेबल नहीं है। हादसे के बाद वह सार्वजनिक सड़क पर लोगों के सामने अजीब हरकतें और बहस करता नजर आया।
कार से मिली पुलिस वर्दी, शराब की बोतल और गिलास
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जब स्विफ्ट कार (GJ-05-JN-9127) की जांच की तो कार की पिछली सीट से पुलिस की आधिकारिक वर्दी और बेल्ट बरामद हुई।
वर्दी पर लगी नेमप्लेट में अजयभाई एच. पटेल, एएसआई, पुलिस नंबर 2559, सूरत शहर लिखा हुआ था। इसके अलावा कार के अंदर से शराब की एक बोतल और प्लास्टिक का गिलास भी मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पुलिसकर्मी वाहन चलाते समय ही शराब का सेवन कर रहा था।
पुलिस ने एएसआई को हिरासत में लिया
उमरा पुलिस के अनुसार दुर्घटना करने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग का कर्मचारी है और घटना के समय वह नशे की हालत में था। प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान अजय पटेल के रूप में हुई है, जो पिछले पांच वर्षों से सूरत पुलिस मुख्यालय में एएसआई के पद पर कार्यरत है।
फिलहाल उमरा पुलिस ने आरोपित एएसआई अजय पटेल को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट तथा सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सूरत पुलिस की कार्यप्रणाली और छवि को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
