डीपीएल: अनुज और आर्यन की शानदार पारियों से पुरानी दिल्ली 6 ने दर्ज की जीत
सलामी बल्लेबाज प्रियंश आर्य ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में 46 रन बनाए
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत भी खराब रही और टीम नौ रन पर दो विकेट गंवा बैठी
नई दिल्ली। अनुज रावत और आर्यन गौर की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पुरानी दिल्ली 6 ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को सात विकेट से हरा दिया।सोमवार रात खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 165 रन बनाए, जिसके जवाब में पुरानी दिल्ली 6 ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने तेज शुरुआत की। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज प्रियंश आर्य ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में 46 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और चार चौके शामिल रहे। हालांकि पांचवें ओवर में आर्य के आउट होने के बाद वॉरियर्स की रन गति धीमी पड़ गई और टीम नौवें ओवर में 95 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई।
ये खबर भी पढ़े : प्रबंधन को और मजबूत बनाने पर मंथन, चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों से की अहम बैठकइसके बाद अक्षय सैनी और शिवम शर्मा ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर की ओर ले जाने की कोशिश की। सैनी ने 40 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि शिवम शर्मा ने 23 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। हालांकि इसके बाद वॉरियर्स के बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सके और पूरी टीम 165 रन पर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत भी खराब रही और टीम नौ रन पर दो विकेट गंवा बैठी। इसके बाद अनुज रावत और आर्यन गौर ने शानदार साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।रावत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा, जबकि गौर ने दूसरे छोर से स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर पुरानी दिल्ली 6 को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
रावत ने महज 38 गेंदों में 92 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचाया। आउट होने से पहले उन्होंने कई शानदार शॉट लगाए। वहीं, आर्यन गौर 40 गेंदों में 57 रन बनाकर नाबाद रहे और पुरानी दिल्ली 6 को लक्ष्य तक पहुंचाकर सात विकेट की आसान जीत दिलाई।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
