युवक पर भालुओं के झुंड ने किया हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
कांकेर। जिले के हल्बा चौकी क्षेत्र अंर्तगत ग्राम बड़ाटोला में वन्य प्राणी भालुओं का आतंक लगातार जारी है। बीती देर रात करीब 12:30 बजे सड़क से गुजर रहे एक युवक पर भालुओं के झुंड ने हमला कर दिया, हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार जेपरा निवासी युवक मिथलेश गंगबेर देर रात बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक भालुओं के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से युवक घायल होकर मदद के लिए आवाज लगाने लगा। युवक की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालुओं से बचाया।
इसके बाद घायल युवक को संजीवनी 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। क्षेत्र में भालुओं की लगातार मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
