नालंदा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, अवैध हथियार बनाने वाले चार तस्कर गिरफ्तार
नालंदा, बिहारशरीफ। नालंदा पुलिस ने सोमवार की सुबह अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परवलपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अर्द्धनिर्मित देशी कट्टे, हथियार बनाने के उपकरण एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
बताया जाता है कि परवलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार को कई दिनों से गुप्त सूचना मिल रही थी कि थाना क्षेत्र के मौआ गांव एवं कटहरी बीघा के बीच स्थित खंधा में अवैध रूप से देशी कट्टों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर लगातार आसूचना संकलन एवं सत्यापन किया गया।
सूचना सही पाए जाने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर चार तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपियों की पहचान शिशुपाल मिस्त्री (54 वर्ष), पप्पू कुमार (26 वर्ष), सुधीर विश्वकर्मा (44 वर्ष) तथा राजदेव यादव (58 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
चारों आरोपित नालंदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है वहीं छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, नौ अर्द्धनिर्मित पिस्तौल बॉडी एवं बट, नौ अर्द्धनिर्मित बैरल.
नौ फायरिंग स्ट्राइकर एवं ट्रिगर, ट्रिगर का निचला हिस्सा (घोड़ी), नौ बैरल लॉक पिन (सिटकिल्ली), बॉडी निर्माण के लिए लोहे के दो फार्मे, लोहे की ड्रिलिंग करने वाला हैंडल, एक ग्लैमर मोटरसाइकिल तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में परवलपुर थाना कांड संख्या-109/26, के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस अवैध हथियार निर्माण गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व परवलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने किया। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विपिन पाल तथा परवलपुर थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
नालंदा पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण, तस्करी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
