बक्सर के 1.78 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंची राशि
बक्सर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले के 1,78,506 पेंशनधारियों के बैंक खातों में अगस्त 2026 की पेंशन राशि गुरुवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेंशन राशि का भुगतान किया। प्रत्येक लाभुक को प्रतिमाह 1,100 रुपये की दर से पेंशन दी गई।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 96,101, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 42,749, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 17,121, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 5,336, बिहार निशक्तता पेंशन योजना के 16,146 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना के 1,053 लाभुकों को राशि प्राप्त हुई।
इस अवसर पर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के साथ संबंधित पदाधिकारी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, निदेशक डीआरडीए समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि अंतरित होने से पेंशनधारियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पेंशन का लाभ मिल रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
