भारत-इंग्लैंड पहला टी-20 बारिश की वजह से बेनतीजा
इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी, भारत ने दिया था 190 रन का टारगेट
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला बेनतीजा रहा। चेस्टर-ली-स्ट्रीट में लगातार बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए थे।
तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। ईशान किशन शून्य पर रनआउट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 38 बॉल पर 82 रन की साझेदारी कर पारी संभाली।
अभिषेक और श्रेयस की फिफ्टी
अभिषेक ने 24 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान अपना पहला अर्धशतक जमाया। उन्होंने 68 रन की पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया। आखिरी में शिवम दुबे 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
वैभव को फिर मौका नहीं
इस मुकाबले में भी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं मिला। वे आयरलैंड दौरे पर खेले गए दोनों मैचों में भी टीम से बाहर थे। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा। मैच का पूरा स्कोरकार्ड देखें…
प्लेइंग इलेवन
भारत: संजू सैमसन अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियम डॉसन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद और आदिल रशीद।
चेस्टर-ली-स्ट्रीट में तीसरी बार भारत के मैच का नतीजा नहीं निकला
लगातार बारिश के कारण भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मुकाबला रद्द कर दिया गया। मुकाबला शुरू कराने की समय-सीमा में करीब 45 मिनट बाकी थे, लेकिन लगातार बारिश और मैदान को खेलने लायक तैयार करने के लिए पर्याप्त समय नहीं होने के कारण अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 189/7 का स्कोर बनाया था, लेकिन इंग्लैंड अपनी पारी शुरू भी नहीं कर सका।
इसके साथ ही चेस्टर-ली-स्ट्रीट में भारत का लगातार तीसरा मुकाबला बेनतीजा रहा। इससे पहले 2002 और 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ यहां खेले गए दोनों वनडे भी बारिश के कारण बिना नतीजे के समाप्त हुए थे। बारिश नहीं रुकने के कारण अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद मैच रद्द करने का फैसला लिया।
बारिश की वजह से हर 4 मिनट में घट रहे ओवर
बेलफास्ट में लगातार बारिश के कारण मुकाबला अभी भी शुरू नहीं हो सका है। भारतीय समय रात 12:23 बजे से हर 4 मिनट में एक-एक ओवर कम हो रहा है। पिच और रन-अप अब भी पूरी तरह कवर से ढके हुए हैं। हालांकि बारिश की रफ्तार पहले से कुछ कम हुई है, लेकिन बूंदाबांदी अब भी जारी है।
ओवर घटने पर बदलेगा इंग्लैंड का टारगेट
बारिश के कारण मुकाबले के ओवर कम होने पर डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत इंग्लैंड का टारगेट भी बदल जाएगा। 19 ओवर का मैच होने पर इंग्लैंड को 183 रन बनाने होंगे। यदि मुकाबला 18 ओवर का हुआ तो लक्ष्य 176 रन रहेगा, जबकि 17 ओवर के मैच में 169 रन की जरूरत होगी। वहीं 16 ओवर में इंग्लैंड को 162 रन और 15 ओवर के मुकाबले में 154 रन का टारगेट मिलेगा।
बारिश नहीं थमी, ओवर कम होने तय
रात 12:29 बजे भी चेस्टर ली स्ट्रीट में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में यदि मुकाबला दोबारा शुरू भी होता है, तो ओवर कम होने तय हैं। पहली पारी के दौरान भी बारिश होती रही थी, लेकिन खेल जारी रखा गया।
हालांकि, एक बार कवर मैदान पर आ जाने और खेल रुकने के बाद मुकाबला तभी शुरू हो सकता है, जब बारिश पूरी तरह थम जाए। फिलहाल ग्राउंड स्टाफ मौसम साफ होने का इंतजार कर रहा है। पहली पारी के आखिरी में बारिश से बचने के लिए जोस बटलर मैदान से बाहर जाते हुए।
बारिश के कारण मुकाबला अभी भी रुका हुआ है। ऑफिशियल अपडेट के मुताबिक 12:23 बजे से ओवर कम होने शुरू हो जाएंगे। अगर मुकाबला रात 1:30 बजे तक शुरू हो जाता है, तो कम से कम 5 ओवर का मैच कराया जा सकेगा। उस स्थिति में इंग्लैंड को जीत के लिए 64 रन का लक्ष्य मिलेगा।
बारिश से खेल रुका
भारत की पारी खत्म होने के बाद चेस्टर ली स्ट्रीट में लगातार बारिश शुरू हो गई, जिससे मुकाबला रोकना पड़ा। फिलहाल गेंदबाजों के रन-अप और पिच को कवर से ढक दिया गया है। अच्छी बात यह है कि मैच में ओवर घटाने से पहले अतिरिक्त 30 मिनट का समय उपलब्ध है। यदि बारिश जल्द थम जाती है, तो बिना ओवर कम किए मुकाबला दोबारा शुरू कराया जा सकता है। बारिश की वजह से मैदान को कवर्स से ढंका गया है।
इंग्लैंड को जीत के लिए 190 रन की जरूरत
दुबे ने नाबाद 42 रन बनाए, भारत ने 190 रन का टारगेट दिया
भारतीय टीम ने आखिरी ओवर में 10 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। शिवम दुबे ने सैम करन की चौथी गेंद पर छक्का लगाया। उन्होंने 21 गेंदों में 42 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
ओवर की आखिरी गेंद पर रन लेने के प्रयास में अक्षर पटेल रनआउट हो गए। अक्षर 4 गेंदों में 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। शिवम दुबे 21 बॉल पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे।
हर्षित बिना खाता खोले आउट
भारतीय पारी के 19वें ओवर में 14 रन आए। शिवम दुबे ने आदिल राशिद पर एक छक्का और चौका लगाया। हालांकि इसी ओवर में भारत को एक झटका भी लगा। हर्षित राणा बड़ा शॉट खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकले, लेकिन राशिद की बॉल पर बटलर ने स्टंपिंग कर दी। हर्षित बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
श्रेयस 68 रन बनाकर आउट
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर 18वें ओवर में 68 रन बनाकर आउट हो गए। साकिब महमूद की फुल लेंथ गेंद अंदर की ओर आई। श्रेयस ने लेग साइड में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद पैड पर जा लगी। अंपायर ने उन्हें LBW आउट दिया।
श्रेयस ने DRS लिया, लेकिन रिप्ले में गेंद सीधे ऑफ स्टंप पर लगती दिखी। इसके बाद तीसरे अंपायर ने भी आउट करार दिया। श्रेयस ने 47 गेंदों में 68 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
श्रेयस ने छक्के के साथ ओवर खत्म किया
भारतीय पारी के 16वें ओवर में 14 रन आए। ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने ल्यूक वुड को छक्का जड़कर ओवर खत्म किया। श्रेयस ने 43 गेंदों में 63 रन पूरे कर लिए, जबकि दूसरे छोर पर शिवम दुबे 7 गेंदों में 11 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 149 रन हो गया। श्रेयस ने दो विकेट गिरने के बाद अभिषेक के साथ 82 रन की साझेदारी की।
श्रेयस ने 38 गेंद में पूरी की फिफ्टी
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लियाम डॉसन के ओवर की दूसरी गेंद पर एक्स्ट्रा कवर की ओर सिंगल लेकर फिफ्टी पूरी की। इसके बाद चौथी गेंद पर चौका जड़कर अपनी पारी की रफ्तार भी बढ़ाई।
तिलक फुलटॉस पर आउट हुए
भारतीय पारी के 14वें ओवर में इंग्लैंड को एक और सफलता मिली। साकिब महमूद ने तिलक वर्मा को शॉर्ट फाइन लेग पर कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। फुलटॉस गेंद पर तिलक ने स्कूप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के बीच में नहीं आई और सीधे लियाम डॉसन के हाथों में चली गई। तिलक 13 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड ने DRS गंवाया
12वें ओवर की आखिरी गेंद पर जैक्स ने लेग स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद डाली। तिलक वर्मा ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले से नहीं लगी। इंग्लैंड ने LBW अपील की, जिसे अंपायर ने ठुकरा दिया। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने DRS लिया। रिप्ले में पता चला कि गेंद पहले तिलक के ग्लव्स से लगी थी, इसलिए फैसला नॉट आउट रहा। इसके साथ ही इंग्लैंड ने अपना रिव्यू भी गंवा दिया।
10 ओवर बाद ड्रिंक्स, मैच में कई बार बदला मोमेंटम
10 ओवर के बाद ड्रिंक्स ब्रेक तक मुकाबले में कई बार मोमेंटम बदल चुका है। भारत ने शुरुआत में संजू सैमसन और ईशान किशन के विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक जड़कर टीम की वापसी कराई। हालांकि, अभिषेक के आउट होते ही इंग्लैंड ने मैच पर दोबारा पकड़ बना ली है।
अभिषेक LBW आउट
भारतीय पारी के नौवें ओवर में सैम करन ने अभिषेक शर्मा को LBW आउट किया। ऑन-फील्ड अंपायर ने पहले आउट नहीं दिया, लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रिव्यू लिया। रिप्ले में गेंद लेग स्टंप पर लगती दिखी और फैसला इंग्लैंड के पक्ष में गया।
अभिषेक ने 24 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के लगाए।
अभिषेक ने 20 गेंद में फिफ्टी लगाई
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने आदिल राशिद के ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर अपना पचासा पूरा किया।
शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद अभिषेक ने तेज बल्लेबाजी करते हुए भारत की पारी संभाली। वहीं, श्रेयस अय्यर ने भी तेजी से रन बटोरते हुए उसी ओवर में एक चौका लगाया। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 72 रन रहा।
अभिषेक ने इंग्लैंड की सरजमीं में किसी भारतीय की सबसे तेज फिफ्टी लगाई।
अभिषेक के 100 टी-20I छक्के पूरे
भारतीय पारी के चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा ने साकिब महमूद पर 4, 6, 6, 1 की मदद से 17 रन बटोरे, जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने चौका लगाकर कुल 21 रन बना डाले।
इसी ओवर में अभिषेक ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर के 100 छक्के भी पूरे किए। वह सबसे कम 785 गेंदों में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के एविन लुईस (789 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अभिषेक भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल में 100 छक्के लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज भी बने। उनसे पहले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
एक ओवर में भारत के दो विकेट गिरे
दूसरे ओवर में भारत ने सिर्फ 1 रन बनाया और दो विकेट गंवा दिए। पहले साकिब महमूद ने संजू सैमसन को 1 रन के स्कोर पर आउट किया। ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ गेंद पर सैमसन ने कट खेलने की कोशिश की, लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर टॉम बैंटन ने दाईं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपक लिया।
इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर भारत ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच रन लेने में गलतफहमी हो गई। किशन आधी पिच पार कर चुके थे, लेकिन अभिषेक ने उन्हें वापस भेज दिया। हैरी ब्रूक का सटीक थ्रो विकेटकीपर जोस बटलर के पास पहुंचा, जिन्होंने बेल्स उड़ाकर किशन को रनआउट कर दिया। किशन लगातार दूसरी पारी में रनआउट हुए और खाता भी नहीं खोल सके।
अभिषेक ने चौके से खोला खाता
भारतीय पारी के पहले ओवर में अभिषेक शर्मा ने कवर ड्राइव लगाकर चौका जड़ा। ल्यूक वुड की ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद पर अभिषेक ने ऊंचे बैकलिफ्ट के साथ गेंद को कवर के ऊपर से बाउंड्री के पार भेज दिया। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 5 रन रहा।
भारत की बल्लेबाजी शुरू, सैमसन-अभिषेक ओपनिंग करने उतरे
मुकाबला शुरू होने का समय हो गया है। इंग्लैंड की टीम कप्तान हैरी ब्रूक की अगुआई में मैदान पर उतर चुकी है। भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने आए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
