फुटबॉल से रिटायरमेंट लेने की तैयारी में क्रिस्टियानो रोनाल्डो?
क्रिस्टियानो रोनाल्डो : फुटबॉल की दुनिया में एक युग के खत्म होने की आहट सुनाई देने लगी है। पांच बार के बैलन डी’ओर विजेता क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर अब तक का सबसे बड़ा संकेत दिया है। पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर ने कहा है कि मौजूदा सीजन बतौर खिलाड़ी उनका आखिरी साल हो सकता है। 41 साल के रोनाल्डो का अल नासर के साथ कॉन्ट्रैक्ट जून 2027 तक है। हालांकि, वह पहले भी कई बार मान चुके हैं कि उनका खेल करियर अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच रहा है, लेकिन उन्होंने कभी संन्यास की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई थी। अब वोग को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह शायद फुटबॉल में उनका आखिरी साल है और वह एक शानदार विरासत छोड़ना चाहते हैं।
रोनाल्डो ने पिछले साल नवंबर में भी कहा था कि वह एक या दो साल और खेल सकते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया था कि 2026 का वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। पिछले महीने स्पेन के खिलाफ हार के बाद पुर्तगाल फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गया था। हालांकि, तब रोनाल्डो ने यह बताने से इनकार कर दिया था कि वह पूरी तरह फुटबॉल को कब अलविदा कहेंगे।
फुटबॉल के बाद की जिंदगी की तैयारी शुरू
रोनाल्डो ने बताया कि उन्होंने फुटबॉल के बाद की जिंदगी को लेकर पहले से योजना बनानी शुरू कर दी है। अब वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और मैदान से बाहर की जिंदगी का आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल छोड़ने के बाद जिंदगी में पैदा होने वाले खालीपन को कई अलग-अलग गतिविधियों से भरना होगा। रोनाल्डो ने यात्रा करने, पैडल खेलने और देखने जैसी चीजों का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी उपलब्धियों का आनंद लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 25 साल उनके लिए त्याग और कड़ी मेहनत से भरे रहे हैं। ऐसे में अब जिंदगी के दूसरे पहलुओं को समय देना भी जरूरी है।
25 साल के करियर का हो सकता है अंत
रोनाल्डो के इस बयान से इस साल उनके रिटायरमेंट का साफ संकेत मिल रहा है। रोनाल्डो ने स्पोर्टिंग सीपी से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस जैसे बड़े क्लबों के लिए खेले। जनवरी 2023 से वह सऊदी अरब के क्लब अल नासर का हिस्सा हैं। उनके करियर का सबसे शानदार दौर रियल मैड्रिड में रहा, जहां उन्होंने 438 मैचों में रिकॉर्ड 450 गोल किए। रोनाल्डो ने इस साल के वर्ल्ड कप में तीन गोल किए थे और पुर्तगाल को अंतिम-16 तक पहुंचाने में योगदान दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
