एशियाई खेलों के लिए घोषित भारतीय गोल्फ टीम, अदिति और युवराज करेंगे नेतृत्व
नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) छह सदस्यीय भारतीय गोल्फ टीम भेजेगा। पुरुष और महिला वर्ग की गोल्फ स्पर्धाएं 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक कसुगाई कंट्री क्लब ईस्ट कोर्स में आयोजित की जाएंगी।
वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 451वें स्थान पर मौजूद युवराज संधू भारतीय पुरुष टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें वीर अहलावत (विश्व रैंकिंग 558) और सप्तक तलवार (विश्व रैंकिंग 576) भी शामिल हैं।
विश्व नंबर 135 अदिति अशोक भारतीय महिला टीम की कप्तानी करेंगी। टीम में दीक्षा डागर (विश्व रैंकिंग 221) और प्रणवी उर्स (विश्व रैंकिंग 270) भी शामिल हैं। अदिति अशोक ने 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता था। खिलाड़ियों का चयन एशियाई खेलों के लिए आईजीयू की चयन नीति के अनुसार किया गया।
भारतीय गोल्फ संघ के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने जापान में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने बयान में कहा कि हमारे पास बेहद प्रतिभाशाली और सक्षम खिलाड़ियों की टीम है, जिसमें युवराज संधू जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष पीजीटीआई सर्किट पर सात खिताब जीते थे।
वहीं अदिति अशोक और दीक्षा डागर जैसी खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) में कई खिताब अपने नाम किए हैं। उन्होंने कहा कि टीम का चयन पूरी तरह विश्व रैंकिंग के आधार पर किया गया है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय टीम इस बार पदक तालिका में जगह बनाने में सफल रहेगी।
एशियाई खेलों में भारत का गोल्फ इतिहास गौरवशाली रहा है, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते हैं। वर्ष 1982 के एशियाई खेलों में लक्ष्मण सिंह, ऋषि नारायण, अमित लूथरा और राजीव मोहता की भारतीय चौकड़ी ने टीम स्वर्ण पदक जीता था। लक्ष्मण सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
वर्ष 2002 के बुसान एशियाई खेलों में शिव कपूर ने व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था। 2006 दोहा एशियाई खेलों में अनिर्बान लाहिड़ी, गगनजीत भुल्लर और जोसेफ चाकोला की भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया था। 2010 ग्वांगझू एशियाई खेलों में राशिद खान, राहुल बजाज, अभिनव लोहान और अभिजीत सिंह चड्ढा की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
