गृहमंत्री अमित शाह से मिले अमेरिकी राजदूत, रणनीतिक सहयोग पर हुई चर्चा
आतंकवाद, सीमा सुरक्षा, ड्रग्स नियंत्रण समेत द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने पर किया मंथन
नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, सीमा सुरक्षा, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने और अंतरराष्ट्रीय अपराध पर सहयोग बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है।
बैठक के बाद अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के साथ उनकी बेहद सकारात्मक बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आतंकवाद से प्रभावी ढंग से निपटने, गैर-कानूनी ड्रग्स और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने तथा अपराधियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
ये खबर भी पढ़े : कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनेगा विश्व रिकॉर्ड, पीएम मोदी की उपस्थिति प्रस्तावितयह मुलाकात फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की द्विपक्षीय वार्ता के बाद हुई। फ्रांस से भारत लौटने के बाद सर्जियो गोर ने अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने मोदी और ट्रंप की बैठक को भी बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी को नई गति देने पर गंभीर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच बढ़ते संबंधों की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला रहना बेहद महत्वपूर्ण है।भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग, संयुक्त सैन्य अभ्यास, ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और उन्नत तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दोनों देशों का लक्ष्य रणनीतिक सहयोग को और व्यापक बनाते हुए वैश्विक तथा क्षेत्रीय चुनौतियों का मिलकर सामना करना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
