आम यात्री बनकर दिल्ली मेट्रो में पीएम मोदी ने किया सफर, बच्चों से की बात
मेट्रो यात्रा के दौरान आम सह-यात्रियों, स्कूली बच्चों और युवाओं से किया संवाद
- मेट्रो सफर में बच्चों से PM मोदी ने पूछा- क्या देश की प्रगति पर चर्चा करते हैं?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोक कल्याण मार्ग से मेट्रो यात्रा के दौरान आम सह-यात्रियों, स्कूली बच्चों और युवाओं से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर साझा एक वीडियो में अनौपचारिक बातचीत में जहां एक तरफ शिक्षक दिवस और देश की प्रगति का जिक्र हुआ, वहीं प्रधानमंत्री ने छात्रों को किताबों से जुड़ने और जीवनियां पढ़ने की खास सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) में हुए बदलावों को लेकर भी यात्रियों से सीधा फीडबैक लिया।
सफर के दौरान बच्चों और युवाओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या वे देश की प्रगति पर चर्चा करते हैं और सामान्य किताबों के अलावा कुछ पढ़ते हैं। एक छात्र द्वारा सिर्फ उपन्यासों के अध्ययन की बात कहने पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जीवनियां पढ़ने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने कहा, "कोशिश करनी चाहिए कि ऑटोबायोग्राफी या बायोग्राफी पढ़ें। आप किसी खिलाड़ी की, किसी सिने कलाकार की या किसी वैज्ञानिक की जीवनी पढ़ सकते हैं... किसी की भी पढ़िए।" उन्होंने वहां मौजूद एक छात्र से पाठ्यक्रम से इतर ऐसी प्रेरक पुस्तकें पढ़ने का (संकल्प) भी लिया।
इसी दौरान एक छात्र ने प्रधानमंत्री के सम्मान में 'गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः...' श्लोक भी सुनाया, जिस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। बीएचयू से स्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से वकालत (लॉ) करने वाली एक काशी की महिला यात्री से प्रधानमंत्री ने उनके संसदीय क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व बदलावों और जमीनी हकीकत की जानकारी ली।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
