नए सिम कार्ड नियम आज से लागू, एक व्यक्ति नहीं ले पाएगा 9 से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग की ओर से जारी नए सिम कार्ड नियम सोमवार से लागू हो गए हैं। नए नियमों के तहत कोई यूजर अपने नाम पर अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन रख सकता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, असम और उत्तर-पूर्व के लिए यह सीमा 6 मोबाइल कनेक्शन तय की गई है।
दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे ग्राहकों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं, जिनके पास पहले से निर्धारित सीमा के करीब मोबाइल कनेक्शन हैं। ऐसे ग्राहकों को नए नियमों के तहत नया कनेक्शन नहीं मिल सकेगा।
CAF में देनी होगी मौजूदा कनेक्शनों की जानकारी
नए निर्देशों के तहत ग्राहकों को कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म (CAF) में यह जानकारी देनी होगी कि अलग-अलग टेलीकॉम ऑपरेटरों और लाइसेंस प्राप्त सर्विस एरिया में उनके नाम पर पहले से कितने मोबाइल कनेक्शन हैं।
DIP से होगी अधिक कनेक्शन वाले ग्राहकों की पहचान
दूरसंचार विभाग के सर्कुलर के मुताबिक, तय सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन रखने वाले ग्राहकों की जानकारी विभाग के डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) पर उपलब्ध है। इस सिस्टम को टेलीकॉम ऑपरेटरों की मदद के लिए विकसित किया गया है, ताकि वे ऐसे ग्राहकों की पहचान कर सकें जिनके नाम पर मोबाइल कनेक्शन की निर्धारित सीमा पूरी हो चुकी है।
फोटो के जरिए भी होगी पहचान
नए सिस्टम में ग्राहकों की पहचान के लिए फोटोग्राफ का इस्तेमाल किया जाएगा। दूरसंचार विभाग DIP पर उन सब्सक्राइबर्स की फोटो उपलब्ध कराएगा, जो अधिकतम मोबाइल कनेक्शन की सीमा तक पहुंच चुके हैं। टेलीकॉम कंपनियां DIP के जरिए इन सब्सक्राइबर्स की फोटो डाउनलोड कर सकेंगी।
सीमा से ज्यादा कनेक्शन हुआ तो होगा सस्पेंड
नए सिस्टम के तहत यदि कोई यूजर निर्धारित सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन लेता है तो कनेक्शन एक्टिव होने के बाद उसे सस्पेंड रखा जाएगा। यह सस्पेंशन तब तक जारी रहेगा, जब तक तय सीमा से ज्यादा मोबाइल कनेक्शन रखने से जुड़ा मामला सुलझ नहीं जाता।
दूरसंचार विभाग के सर्कुलर में कहा गया है कि जब तक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर CAF की शर्तों के आधार पर जरूरी कदम नहीं उठाते, तब तक तय सीमा से ज्यादा एक्टिवेट किए गए किसी भी मोबाइल कनेक्शन को तुरंत सस्पेंड किया जाएगा। यह सस्पेंशन मोबाइल कनेक्शन की निर्धारित सीमा पार करने से जुड़े मामले के समाधान तक जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
