बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मदद के लिए सीएम माझी ने मंत्रियों को सौंपी जिलावार की जिम्मेदारी
बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी के लिए ओडिशा सीएम माझी ने मंत्रिपरिषद को दी जिम्मेदारी
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और बचाव कार्यों को मजबूत करने के लिए मंत्रिपरिषद के सदस्यों को जिलावार जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद लिया गया, जिसमें उन्होंने नुकसान की स्थिति का आकलन किया और जारी राहत कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और बचाव, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जारी आवंटन के अनुसार, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव को केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में राहत कार्यों की निगरानी करेंगी।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी को पुरी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक मयूरभंज और केन्दुझर जिलों की स्थिति पर नजर रखेंगे।
राज्य सरकार ने कहा है कि अन्य मंत्री भी अपने-अपने प्रभार वाले जिलों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता सुनिश्चित करेंगे। यह पहल राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है, ताकि भारी वर्षा और नदियों के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
